बहन के यहां पारिवारिक कार्यक्रम में आए एक हिस्ट्रीशीटर की अज्ञात लोगों ने निर्मम हत्या कर दी। बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर की धारदार हथियार से गला रेता,उसे गोली मारी और आंखें फोड़ डाली।
यह सनसनीखेज मामला है राजस्थान के जयपुर ग्रामीण जिले के रेनवाल मांजी थाना इलाके का। पुलिस ने बताया कि जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर रेनवाल मांजी कस्बे के श्मशान घाट के पास सोमवार सुबह एक युवक की लाश मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव की शिनाख्त सवाई माधोपुर जिले के रहने वाले संजय बिहारी के रुप में की। पुलिस के अनुसार, वह सवाईमाधोपुर जिले के मानटाउन थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, जानलेवा हमले के अलावा कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थें।
रेनवाल मांजी चौकी इंचार्ज लालचन्द मीणा ने बताया कि संजय की लाश बैडशीट, कंबल और साड़ी में लपेटकर डाली गई थी। कपड़ों को जानवरों ने फाड़ डाला। लाश देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। लाश के पास ही 7.62 एमएम का खाली कारतूस भी पड़ा था।
यह कहकर घर से निकला था
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Demo pic
पुलिस का कहना है कि संजय की हत्या कहीं और करने के बाद हत्यारों ने लाश को यहां डाल दिया। उसका गला रेता गया है। आंखें भी फोड़ी गई है। चेहरे व सिर पर चोट के गहरे निशान हैं।
पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश कर रही है। जानकारी के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर संजय व उसका परिवार रविवार को जयपुर के मालवीय नगर में बहन के लड़का होने पर आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में आए थे। उसके भाई शेखर ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे संजय यहां से अपने जीजा की कार लेकर किसी टीटू नामक व्यक्ति से मानसरोवर में मिलने का कहकर निकला था।
टीटू भी सवाई माधोपुर का रहने वाला है। दोपहर तक संजय नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। परिजनों ने जवाहर सर्किल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। उधर, मांजी रेनवाल में संजय की लाश तो मिल गई, लेकिन अभी उसकी नई कार का पता नहीं चला।