नेशनल हाइवे पर राहगीरों व यात्रियों को लक्जरी गाड़ियों में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले एक ऐसे अंतराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जो यात्रियों को गाड़ी में बिठाने के बाद उनकी आंखों में ज्वलनशील पदार्थ स्प्रे कर देता है और फिर गाड़ी से फेंककर भाग निकलता है।
यह गैंग राजस्थान के अलावा, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, दिल्ली व मध्यप्रदेश में लूट की कई वारदातें कर चुकी है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई राजस्थान में भरतपुर की हलैना थाना पुलिस ने की। यहां आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 तथा अन्य सूनसान मार्ग पर लिफ्ट देकर यात्रियों से लूट की वारदात हो रही थी।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार टांक के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गांव इटामडा, भुसावर निवासी राजीव मीणा उर्फ राजू, गांव नगला धरसौनी, हलैना निवासी मानवीर सिंह जाटव व विष्णु कुमार जाटव तथा गांव कारलू, जसवंतपुरा जालौर निवासी चेतन कुमार है।