मोटी रकम लेकर रसूखदार लोगों के जम्मू-कश्मीर के स्थानीय पते के आधार पर लाइसेंस बनाने वाले गिरोह के भंडाफोड़ होने के बाद एटीएस की कार्रवाई जारी है। गिरोह के पांच आरोपियों के एटीएस की गिरफ्त में आने के बाद हुई छापामारी में काफी संख्या में अवैध हथियार और बैकडेट में बनाए गए करीब चार सौ हथियार लाइसेंस जब्त किए गए। जो कि राजस्थान के रहने वाले कई प्रतिष्ठित और रसूखदार लोग है।
एटीएस की टीम ने इन लाइसेंसों के नाम व पते के आधार पर उदयपुर जिले में भी बीती देर रात को छापेमारी की। जिसमें आज भी पड़ताल जारी रही। मोटी रकम देकर फर्जी लाइसेंस के जरिये अवैध हथियार क्रय करने में लिप्त उदयपुर के कुछ रसूखदारों के नामों का खुलासा हुआ है। एटीएस के जयपुर मुख्यालय में गिरफ्तार आरोपियों से हुई पूछताछ के बाद शुक्रवार को स्थानीय एटीएस के पास अधिकृत सूची आ गई। इससे इन लोगों के नामों का खुलासा हुआ।
सूत्रों ने बताया कि बताया एटीएस की गत दिनों हुई छापा कार्यवाही में उदयपुर सहित अंचल के अन्य जिलों के रसूखदार भी अवैध हथियार और फर्जी लाइसेंस के साथ गिरफ्त में आए। उनके ठिकानों से अवैध पिस्टल, रिवॉल्वर, कारतूस और अन्य हथियार बरामद किए गए थे। सभी के पास जम्मू-कश्मीर से जारी हुए जाली हथियार लाइसेंस के जरिये हथियार खरीदना सामने आया।