जयपुर में आगरा रोड पर शनिवार देर रात को तेज रफ्तार ट्रैलर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा बाइक सवार दो अन्य लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रैलर भगाकर ले गया। बताया जा रहा है कि जिन युवकों के चोटें आई उन्होंने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ था।
हादसे के बाद मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। तब कानोता थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को उठवाकर मोर्चरी और घायलों को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान यातायात भी बाधित रहा। पुलिस के अनुसार देर रात करीब पौने बारह बजे आगरा रोड पर माली की कोठी स्थित पेट्रोल पम्प के सामने तेज रफ्तार ट्रैलर ने बाइक को टक्कर मार दी और बाइक चालक युवक को रौंदते हुए गुजर गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे में बाइक बुरी तरह से चकनाचूर हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।