जयपुर के प्रताप नगर बुधवार को एक मकान में बने पानी के टैंक में डुबोकर चार माह की मासूम बच्ची की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद प्रताप नगर थाना पुलिस ने देर शाम को बच्ची के पिता महेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरु कर दी है।
पुलिस के संदेह की सुई बच्ची के घर में ही मौजूद किसी सदस्य पर टिकी हुई है। जानकारी के अनुसार अंतिम बार बच्ची अपनी मां पिंकी के पास थी और पिंकी का कहना है कि वह बच्ची को गोद में लेकर मकान के दरवाजे पर खड़ी थी। तभी अज्ञात महिला गोद से उसकी बच्ची को छीनकर भाग गई। लेकिन बच्ची की लाश इसी मकान से सटे पड़ौसी गोपाल के मकान में बने पानी के टैंक में पड़ी मिली।
पुलिस का अंदेशा है कि यदि बच्ची को अज्ञात महिला लेकर भाग गई होती तो फिर बच्ची की लाश पड़ौसी के मकान के टैंक में मिलने का सवाल ही नहीं उठता। बल्कि बच्ची कहीं और मिलती।महेंद्र सिंह अपने मकान में ही दो मजदूरों के साथ नगीने घिसाई का काम करता है। रोजाना की तरह बुधवार को सुबह करीब 10 बजे महेंद्र व दोनों मजदूर काम कर रहे थे। उसकी पत्नी पिंकी अपनी चार माह की बेटी अर्पिता को गोद में लेकर मकान के गेट पर खड़ी थी। अचानक उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर महेंद्र व दोनों मजदूर बाहर दौड़े। तब पिंकी ने बताया कि लाल रंग की साड़ी में एक महिला उसके हाथ से बच्ची को छीनकर भाग गई है।
टैंक में डुबोकर मासूम की हत्या
- फोटो : Vishnu Sharma
बच्ची को आसपास कॉलोनी में तलाशते वक्त पुलिस को महेंद्र के पड़ौसी गोपाल सिंह के मकान का दरवाजा खुला मिला। पुलिस अंदर टैंक का ढक्कन हटाकर देखने पर चार माह की मासूम बच्ची की लाश तैरती नजर आई।
महेंद्र ने बताया कि उनके पड़ौसी गोपाल व उसकी पत्नी के काम पर जाने के बाद उनके मकान की एक चाबी महेंद्र के पास रहती है, ताकि दोपहर को गोपाल के बच्चे स्कूल से घर लौटे तो मकान में जा सके। इसी का फायदा उठाकर बच्ची को गोपाल के मकान के टैंक में फेंका गया है। प्रारंभिक पूछताछ में बच्ची की मां का मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने से उपचार भी होने की जानकारी मिली है।