जोधपुर जिले में बारहवीं रोड चौराहा स्थित बस स्टेण्ड पर रूकी रोडवेज बस से एक व्यापारी का बैग चोरी हो गया। वारदात उस वक्त हुई तब व्यापारी बसस्टैंड पर बस के ठहरने पर पानी की बोतल खरीदने नीचे उतरा था। बैग में 15 किलो चांदी के आभूषण रखे थे। वारदात के बाद पीड़ित व्यापारी ने शास्त्री नगर थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करवाया।
पुलिस के मुताबिक बाड़मेर में जगदंबा बुलियन चलाने वाले दीपचंद जैन मथानिया से 15 किलो चांदी के आभूषण खरीदकर लाया था। वह रोडवेज बस में बैठकर दुकान जा रहा था। रास्ते में बस बारहवीं रोड चौराहा स्थित बस स्टेण्ड पर रूकी। तब दीपचंद पानी की बोतल खरीदने बस से नीचे उतरा और चांदी के आभूषण से भरा बैग सीट पर रख दिया। कुछ देर बाद वह लौटकर आया तब बैग गायब दिखाई पड़ा। केस की जांच एएसआई मुकेश कुमार को सौंपी गई है।