कोटा में छात्रों द्वारा सुसाइड करने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। अब एक बार फिर शनिवार को ऐसा ही मामला सामने आया है जिसमें सुसाइड करने वाला 12वीं का छात्र है।
जानकारी के अनुसार, आत्महत्या करने वाला छात्र राजकुमार कोटा के तलवंडी इलाके में रहता था। शनिवार को उसके दोस्त उसके कमरे पर पहुंचे तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया। इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं होने पर उसके साथियों ने खिड़की से झांककर देखा तो राजकुमार फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद तुरंत उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राजकुमार को फंदे से नीचे उतारा और नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब जवाहर नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
राजकुमार मूलत: कोटा का ही रहने वाला बताया जा रहा है। प्राथमिक जांच में उसके सुसाइड करने के पीछे पढ़ाई को लेकर तनाव की बात सामने आ रही है। राजकुमार अपनी मां का इकलोता बेटा था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। राजकुमार ने इस बार बारहवी की परीक्षा पास की थी और एनडीए की तैयारी कर रहा था। हालांकि, अभी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि कोटा जिले के कुन्हाड़ी थाना इलाके में कोचिंग कर रहा छात्र रोहित भी पिछले पांच—छह दिन से लापता है। सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में यह छात्र तीन विषयों में फेल हो गया था और इसके बाद से वह तनाव में था। इस छात्र ने एक नोट भी लिख कर छोड़ा है, जिसमें दुनिया छोड़कर जाने की बात लिखी है। अब परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही है।