लोकसेवकों को बचाने के लिए लाए गए राजस्थान सरकार के बिल का विपक्षी पार्टी जमकर विरोध कर रही है। पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।
एक ओर जहां जयपुर में राजस्थान विधानसभा में विवादित बिल पेश किया गया, वहीं दूसरी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हंगामे के साथ प्रारंभ हुए विधानसभा सत्र में विपक्षी विधायक काली पट्टी बांधकर पहुंचे और विरोध स्वरुप विधानसभा के सदन से वॉकआउट किया।
इसके बाद सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिपक्ष नेता रामेश्वर डूडी व अन्य कांग्रेस नेताओं ने राजभवन का रुख किया। कांग्रेसियों का कहना था कि वे अध्यादेश के खिलाफ राज्यपाल कल्याण सिंह को ज्ञापन सौंपना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजभवन से पूर्व ही हिरासत में ले लिया गया।