भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय
- फोटो : Amar Ujala
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने केरल में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा गौ हत्या कर बीफ लटकाने के मामले में मंगलवार को निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस एक आसुरी पार्टी है। इसी के इशारे पर केरल में गौ हत्या हुई है। जिसके लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विजयवर्गीय अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में मंगलवार को स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर और महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेने आए थे। विजयवर्गीय ने कहा कि केरल में हुई इस शर्मनाक घटना की वह कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश आर्थिक रूप से उन्नति कर रहा है इसके साथ ही किसान वर्ग को भी सरकार ने प्रोत्साहन दिया है। इस दौरान पूर्व मंत्री और अलवर जिले के संगठन प्रभारी लक्ष्मीनारायण दवे, प्रदेश महामंत्री भजनलाल सहित अलवर के विधायक बनवारी लाल सिंघल, विधायक जयराम जाटव, रामहेत यादव, मंगल राम कोली, सहित नगर विकास न्यास अध्यक्ष देवी सिंह शेखावत और नगर परिषद सभापति अशोक खन्ना मौजूद रहे।