कोटा पुलिस के हत्थे चढ़े हत्यारे
- फोटो : amar ujala
साल 2016 के अगस्त महीने में हुए गेटमैन हत्यकांड मामले के मुख्य आरोपियों को पकड़ने में कोटा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कोटा पुलिस ने आलनिया डैम पिकनिक स्पॉट पर गेटमैन की हत्या कर फरार हुए तीन सगे भाईयों को गिरफ्तार कर लिया है।
कोटा पुलिस अधीक्षक अंशुमन भौमिया ने बताया कि इस हत्याकांड में कुल 17 लोग अभियुक्त थे जिनमें से 11 अभियुक्त पहले ही पकड़े जा चुके थे लेकिन इन तीन भाईयों का सुराग पुलिस को नहीं मिल रहा था जिसके बाद पुलिस ने तीनों पर 5-5 हजार का ईनाम भी घोषित किया था। घटना के बाद से कोटा पुलिस ने तीनों आरोपियों को ढूंढने के लिए मुखबिरों को काम पर लगा रखा था। पुलिस को सूचना मिली कि रमजान के महीने में आरोपियों के वापस कोटा आने के आसार हैं,ऐसे में मुखबिरों की बात सही साबित हुई और रमजान शुरु होते ही तीनों भाई वापस कोटा आ गए जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए तीनों भाई शरीफ, आरिफ और मुबारिक ने पुलिस को बताया कि गेटमैन की हत्या करने के बाद तीनों हिमाचल चले गए और इस दौरान हिमाचल की वादियों में ही फरारी काटी।
आदतन अपराधी हैं हत्यारे
गेटमैन की हत्या का मामला साल 2016 का है, तीन सगे भाई शरीफ,आरिफ और मुबारिक अपने कुछ साथियों के साथ आलनिया डैम पिकनिक स्पॉट से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे उन्हें रास्ते में पड़ने वाला रेलवे फाटक बंद मिला।
आरोपियों ने रेलवे फाटक को गैंगमेन बदन सिंह से खुलवाना चाहा लेकिन उसने गेट नहीं खोला तो उसकी पत्थरों और लकड़ियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी । तीनों भाई कोटा के रेलवे काॅलोनी इलाके के शातिर अपराधी भी रहे हैं, जिनके उपर हत्या से पूर्व के भी कई मामले दर्ज हैं।