कोचिंग हब कहलाने वाले कोटा में अब कोचिंग में आने वाले छात्र—छात्राओं पर एडमिशन से लेकर उसके रिजल्ट तक और रोजाना की गतिविधियों पर वेब पोर्टल के माध्यम से निगरानी रखी जायेगी। इसके लिए बाल आयोग ने एक गाइड लाइन तैयार की है। जिसमें 35 बिंदु निर्धारित किये गए है।
राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी ने शुक्रवार को इस गाइड लाइन का कोटा में विमोचन किया। इस अवसर पर कोटा जिला न्यायाधीश केदार लाल गुप्ता, विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव प्रमोद शर्मा, जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष हरीश गुरुबक्शानी और सदस्य जिला बाल कल्याण इकाई के दिनेश शर्मा मौजूद रहे।
इसके अलावा कोटा कोचिंग केरियर पॉइंट, मोशन क्लासेज, रेजोनेंस, हॉप संस्थान और अन्य प्रतिनिधियों भी शामिल रहे। सभी संस्थानों को निर्देश दिए भी जा चुके है कि गाइड लाइन को नि:शुल्क सभी छात्र छात्राओं को उपलब्ध करवाई जाएगी। जिससे माता— पिता और बच्चों को अपने अधिकारों की जानकारी एडमिशन के समय ही उपलब्ध की जा सकेगी। जिसके लिए सभी संस्थाओ से शपथ पत्र प्राप्त किये जाकर पालना करवाई जाएगी।