प्रदेश भर के विश्वविद्यालय व कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव में विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़ कर मतदान किया। मतदान के दौरान छात्रों का उत्साह देखते ही बनता था। चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच छात्रों ने मतदान किया। छात्रनेता विद्यार्थियों की मनुहार करते नजर आए। मतपेटियों में छात्रनेताओं का चुनाव परिणाम बंद हो जाएगा, जो चार सितंबर को खोली जाएंगी।
राजस्थान यूनिवर्सिटी और संघटक कॉलेजों में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान एक बजे तक चलेगा। यूनिवर्सिटी के अलावा महाराजा, महारानी, कॉमर्स व राजस्थान कॉलेज में छात्र- छात्राओं ने मतदान किया। मतदान का सबसे जोरदार माहौल महारानी कॉलेज के बाहर देखने को मिला। महारानी के बाहर छात्राओं का हुजुम जमा था। छात्राएं नारेबाजी कर रही थी। छात्राओं का उत्साह देखते ही बनता था।
चुनाव के दौरान कुलपति आरके कोठारी ने कॉलेजों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वे महारानी कॉलेज पहुंचे जहां चुनाव के इंतजाम देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। कुलपति के जाने के बाद सवा बारह बजे के आस पास महारानी कॉलेज के बाहर छात्रों के उत्पात को देखते हुए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर छात्रों को खदेड़ा और एक छात्र को हिरासत में लिया।
उधर, अजमेर में मतदान के दौरान छात्रों के बीच कहासुनी हुई। इसके बीच पुलिस ने बीच बचाव कर मामला शांत कवाया।