राजस्थान विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के दो शिक्षकों के बीच हुई मारपीट के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने भूगोल विभाग के सह आचार्य महिपाल सिहाग को निलम्बित कर दिया। इसके विरोध में सिहाग शाम को कुलपति सचिवालय के बाहर पत्नी समेत धरने पर बैठ गए।
सिहाग का आरोप है कि प्रशासन का यह फैसला गलत है। इससे पहले विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें राजस्थान विवि अध्यादेश 360 ए व बी के उल्लंघन का दोषी माना था और उन्हें अनुशासनहीनता के चलते निलंबित कर उनका मुख्यालय महाराजा कालेज कर दिया था।
गौरतलब है कि 21 अप्रेल को सीसीटी डिपार्टमेंट में भूगोल विभाग की बोर्ड आॅफ स्टडीज की मीटिंग के दौरान किसी बात को लेकर भूगोल के सह आचार्य महिपाल सिहाग और भूगोल के विभागाध्यक्ष जेपी जाट में कहासुनी हो गई। दोनों में हाथापाई की नौबत भी आ गई। जाट ने महिपाल सिहाग पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया था। जाट का कहना था कि उनके पेट पर इससे चोट भी आई थी।