राजस्थान यूनिवर्सिटी में हंगामों का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। विवि में शनिवार रात छात्रावास के छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्र कुलपति सचिवालय के बाहर जमा हो गए। नारेबाजी की और छात्रावास वार्डन को हटाने की मांग करने लगे।
मामला विवि के अरावली छात्रावास से जुड़ा है। अरावली छात्रावास में रहने वाले छात्र हास्टल वार्डन एसएस चौहान से परेशान थे। छात्रों ने आरोप लगाया कि वार्डन छात्रावास की व्यवस्था को सही नहीं कर पा रहे हैं। छात्रावास में मिलीभगत का खेल चल रहा है। वार्डन का व्यवहार भी छात्रों के प्रति असंतोष जनक है। ऐसे में उन्हें हास्टल वार्डन के पद से हटाया जाए।
छात्र अपनी मांग को लेकर कुलपति सचिवालय के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। छात्रों ने इस दौरान जमकर हंगामा किया और विवि पर भी अनदेखी का आरोप लगाया। छात्रों का कहना था कि वे अपनी बात पहले भी कह चुके हैं पर कोई समाधान नहीं निकल पाया।
गौरतलब है कि राजस्थान विवि में पिछले कुछ दिनों से हंगामों का सिलसिला चल रहा है। पहले भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष व सह आचार्य के बीच झगड़ा हुआ। फिर महारानी कालेज में छात्रा के आत्महत्या करने को लेकर भी दो दिन से जमकर प्रदर्शन हुए। अब एक और विवाद सामने आया है।