राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष और अजमेर से सांसद सांवरलाल जाट की पार्थिव देह एयर एंबुलेंस से नहीं बल्कि सड़क मार्ग से लाई गई। मौसम खराब होने के चलते एयर ट्रेफिक कंट्रोल की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बाद पार्थिव देह को सड़क मार्ग से लाने के विकल्प को अपनाया गया। देह को लाने के लिए ग्रीन कोरिडोर बनाया गया।
इससे पूर्व जाट की पार्थिव देह को लेने के लिए राजस्थान सरकार ने केबिनेट मंत्री अजय सिंह किलक को दिल्ली भेजा था। दिल्ली में खराब मौसम के कारण उनका प्लेन रिटर्न भी हुआ। उन्हें जयपुर स्टेट हैंगर लौटना पड़ा। काफी देर तक इंतजार भी किया गया, लेकिन जब शाम को छह बजे तक एविएशन की ओर से स्वीकृति नहीं दी गई। इसके बाद सड़क मार्ग से पार्थिव देह लाई गई।
मंत्री किलक ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण एयरएंबुलेंस को अनुमति नहीं मिल पाई। इसके बाद सड़क मार्ग से तैयारी की गई है। एयरपोर्ट पर सरकार के कई मंत्री मौजूद थे। मंत्री अजय सिंह किलक, कृष्णेंद्र कौर दीपा, राजकुमार रिणवां भी मौजूद थे।
जयपुर लाने के बाद सांवर जाट की पार्थिव देह को बीजेपी मुख्यालय लाया गया। यहां पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मौजूद थी। उनके साथ ही मंत्री गुलाबचंद कटारिया, राजेंद्र सिंह राठौड़, प्रभु लाल सैनी समेत अन्य नेता मौजूद थे।