बहुचर्चित कांकाणी हिरण शिकार मामले में फिल्म अभिनेता सलमान खान आज जोधपुर के सीजेएम ग्रामीण कोर्ट में पेश हुए। करीब 19 साल पुराने इस मामले में सलमान खान जोधपुर में होने के कारण अचानक व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित हुए।
यहां सलमान खान करीब 40 मिनट तक अदालत में रहे। इस दौरान सलमान के वकील ने चश्मदीद गवाह पूनमचंद की गवाही की वीडियो सीडी अदालत में चलाई। जहां बयान को देख व सुन सलमान भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गई। हालांकि, समयाभाव के कारण आज भी अंतिम बहस अधूरी रही। अब मामले की सुनवाई कल भी जारी रहेगी।
दरअसल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जोधपुर जिले के पीठासीन अधिकारी देवकुमार खत्री की अदालत में कांकाणी शिकार मामले में बचाव पक्ष की अंतिम बहस चल रही है।
बॉडीगार्ड शेरा भी रहा कोर्ट में साथ
जोधपुर कोर्ट में पहुंचे सलमान
- फोटो : amar ujala
सुनवाई के दौरान न्यायालय पहुंचे सलमान खान के साथ उनके बॉडीगार्ड शेरा और एक अन्य व्यक्ति भी साथ रहे। ब्लैक कलर की शर्ट, ग्रे कलर का जैकेट और ब्लू रंग की जींस पहने सलमान सीधे ही कूल अंदाज में कोर्ट परिसर पहुंचे। सलमान के आने की सूचना मिलते ही कोर्ट में उनके प्रशंसकों की भीड़ भी जमा होने लगी।
हालांकि, पुलिस की आेर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के चलते लोगों को उनसे दूर ही रखा गया। इसके लिए यहां पुलिस ने बैरीकेड्स भी लगा दिए। उधर, कोर्ट में सलमान के अधिवक्ता हस्तीमल सारस्वत ने चश्मदीद गवाह पूनमचंद की वीडियोग्राफी लैपटॉप पर मजिस्ट्रेट को दिखा कर अंतिम बहस की।
यह है पूरा मामला, जानिए
सलमान खान
एक अक्टूबर 1998 की रात सलमान पर कांकाणी गांव की सरहद में दो काले हिरण के शिकार करने का आरोप लगा। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस कारण वहां से सलमान खान अपनी जिप्सी में सैफअली खान, सोनाली बेन्द्रे, नीलम व तब्बू को लेकर भाग निकले।
ग्रामीणों ने मौके से दो काले हिरण बरामद किए। दोनों हिरण की गोली लगने के कारण मौत हो चुकी थी। इस मामले में सलमान खान पर दोनों काले हिरण को गोली मारने और सैफ सहित एक्ट्रेस तब्बू, नीलम व सोनाली बेन्द्रे पर शिकार के लिए सलमान को उकसाने का केस चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार अब यह मामला अंतिम चरण में है। मामले में अंतिम बहस इस माह के अंत तक पूरी होने की संभावना है। इसके बाद अगले माह तक फैसला आने की संभावना है।