भाजपा प्रवासी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजू मंगोड़ीवाला ने बताया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां 18 मार्च को दुबई में राजस्थान बिजनेस एंड प्रोफेशनल ग्रुप के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद इंडियन पार्लियामेंट्री फोरम के साथ चर्चा करेंगे। इंटरनेशनल सिंधी दिवस के कार्यक्रम में भी भाग लेंगे और लेबर कैंप का निरीक्षण करेंगे। पूनिया जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन की एन्युअल मीटिंग में भी हिस्सा होंगे।
मिशन 2023 और 2024 को लेकर प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन
इससे पहले सतीश पूनियां कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, नई दिल्ली, तेलंगाना राज्यों में मिशन 2023 और 2024 को लेकर प्रवासी राजस्थानी सम्मेलनों में शामिल हो चुके हैं। विधानसभा चुनाव 2023 नवंबर-दिसंबर महीने में प्रस्तावित हैं, जबकि 2024 में लोकसभा के चुनाव भी होने हैं। बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी और प्रवासी भारतीय दुबई में रहते हैं। जो वहां बिज़नेस, नौकरियां कर रहे हैं और कई संगठन भी चला रहे हैं। चुनाव से पहले ज्यादा से ज्यादा प्रवासियों एनआरआई, एनआरआर (नॉन रेसिडेंट्स राजस्थानी) से संपर्क कर उन्हें केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों, बीजेपी की रीति-नीति और विचारधारा की जानकारी देकर चुनाव में साथ देने की अपील बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया करेंगे।