प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में दान करने वाले भामाशाहों का राज्य स्तर, संभाग स्तर एवं जिला स्तर पर सम्मान किया जाएगा।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने बुधवार को सवाई मानसिंह अस्पताल में जेएमए सभागार में बताया कि प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं में 51 लाख रुपए से अधिक का दान करने वालों का राज्य स्तरीय समारोह में, 21 लाख से 51 लाख रुपए तक का दान करने वालों का संभाग स्तर पर, 21 लाख रुपये तक का दान करने वालों का जिला स्तर पर आयोजित भामाशाह सम्मान समारोह में सम्मान किया जाएगा। उन्होंने भामाशाह ओम सरावगी को एसएमएसस मेडिकल कॉलेज को 3 हजार बैड शीट्स, 100 व्हीलचेयर्स, 50 ट्रिपल वेटिंग चेयर्स एवं 2 वाटर कूलर मय आरओ उपलब्ध करवाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। सराफ ने एसएमएस प्रशासन को चिकित्सालयों की सभी आवश्यकताओं को चिन्हित कर सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इन सभी आवश्यकताओं की पूर्ति में दानदाताओं का सक्रिय सहयोग लिया जाएगा।
चिकित्सा मंत्री ने बताया कि जयपुरिया चिकित्सालय में दानदाता द्वारा लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से पूरी मंजिल का निर्माण कर मातृ शिशु सेवाएं सुलभ कराने में सहयोग का कार्य प्रारम्भ किया जा रहा है। इसी प्रकार सेठी कॉलोनी स्थित चिकित्सालय में दानदाता ट्रस्ट ने लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से अतिरिक्त मंजिल का निर्माण कराने का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। इसके साथ ही लगभग 3 करोड़ रुपे की लागत से आपातकालीन सेवाओं से सुसज्जित इमरजेंसी का कार्य स्वीकृत किया गया है।