भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ के संरक्षण में हुए जयपुर महाखेल कबड्डी के सफल आयोजन के बाद सर्वश्रेष्ठ 25 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इन खिलाड़ियों को नेशनल स्पोर्ट्स अथोरिटी ऑफ इंडिया द्वारा पूर्णिमा कॉलेज में 14 दिन का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के पश्चात इन 25 खिलाड़ियों में से चयनित श्रेष्ठ खिलाड़ियों को नेशनल सेन्टर्स ऑफ एक्सीलेंस द्वारा आगे की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा।
जयपुर के वैशाली नगर स्थित गार्डन में जयपुर महाखेल के मैदान प्रमुखों, सहयोगियों और शारीरिक शिक्षकों ने प्रधानमंत्री जी के आह्नान पर मोटे अनाज की जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने शिरकत की। इस आयोजन में सभी ने मक्का-बाजरा की रोटी, खीचड़ा, मूंग का हलवा, मूंग मोठ, दाल, केर सांगरे की सब्जी और राबड़ी का भोजन किया।
मोटे अनाज का महत्व बताया
आयोजन के दौरान कर्नल राज्यवर्धन ने जयपुर महाखेल के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त कर कहा हमारे लिए गर्व की बात है कि जयपुर महाखेल के समपान समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हम सभी से वर्चुअली जुड़कर मैच भी देखा और उद्बोधन भी दिया। इस दौरान उन्होंने श्री अन्न (मोटे अनाज) के महत्व को बताते हए इसे भोजन में ग्रहण करने की बात कही और युवाओं को इसका ब्रांड एम्बेसेडर बनने के लिए प्रेरित किया। उनकी प्रेरणा स्वरूप आज का यह कार्यक्रम एक शानदार कार्यक्रम है। श्री अन्न हमारे स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क के लिए बहुत आवश्यक है। हमें इसे अपने भोजन में आवश्यक रूप से शामिल करना चाहिए और इसके प्रति हमें आम लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।