राजस्थान के उदयपुर जिले के घासा थाना इलाके में गुरुवार रात एक दूल्हे को घोड़ी पर बैठना भारी पड़ गया। दबंगों ने इस दलित दूल्हे का घोड़ी से नीचे उतारकर पिटाई कर दी।
दरअसल, नूरड़ा पंचायत के झालों का ढाणा गांव में कैलाश पुत्र कूकाजी मेघवाल की आखातीज के मौके पर शादी तय की गई थी। इससे एक दिन पहले गुरुवार को दूल्हा कैलाश घोड़ी पर बैठकर रिश्तेदारों के साथ धूमधाम से बिंदौरी निकालते हुए पास ही मंदिर में ढोक लगाने जा रहा था। इसी दौरान एक समाज विशेष के घरों के आगे से बिंदौरी गुजरने पर लोग नाराज हो गए।
इन लोगों ने दलित दूल्हे को घोड़ी से उतारकर मारपीट शुरू कर दी। इससे दूल्हा कैलाश घायल हो गया। दूल्हे कैलाश को बचाने आने वाले रिश्तेदारों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें एक महिला घायल हो गई। अचानक से हुई इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना पर तीन थानों की पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दूल्हे कैलाश का मेडिकल करवाकर मामला दर्ज कर लिया है। अब आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।