जयपुर के अगले तीन दिन बाहुबली के नाम रहेंगे। यहां सभी सिंगल स्क्रीन थिएटर और मल्टीप्लेक्स के 80 से अधिक स्क्रीनों पर 'बाहुबली द कन्क्लूजन' का जलवा देखने को मिलेगा। कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा? इसका जबाव जानने के लिए शुक्रवार, शनिवार और रविवार, तीनों दिनों की लगभग सभी सीटें बुक हो चुकी हैं।
सुपरहिट फिल्म बाहुबली का दूसरा पार्ट 'बाहुबली द कन्क्लयूज़न' शुक्रवार को रिलीज हो रहा है। लेकिन जयपुर में इस फिल्म के रिलीज से पहले ही लोगों ने अगले तीन दिनों तक लगभग सभी सीटों की एडवांज बुकिंग करवा ली है। अब आप यदि इस वीकेंड पर मूवी देखना चाहते हैं, तो उसमें भी मल्टीप्लेक्स के लेट नाइट 10 बजे के बाद वाले शो में जरूर कुछ सीटें मिल जाएंगी। हालांकि यह भी सही है कि इक्का दुक्का मल्टीप्लेक्स में ही देर रात के शो चलते हैं।
लोगों के बीच चर्चा है कि बाहुबली का माहौल दक्षिण भारत के जैसे यहां भी देखने को मिलेगा। यह तक सुनने को मिल रहा है कि कई कॉर्पोरेट कंपनियों के कर्मचारियों ने यह फिल्म देखने के लिए छुट्टी तक की अर्जी दे दी हैं।
जयपुराइट्स ने एडवांस टिकट बुकिंग के लिए वेबसाइट्स और एप्स का जमकर सहारा लिया है। वहीं, कुछ मूवी थियेटर्स में लाइन में लगकर लोग टिकट ले रहे हैं। इधर, कुछ जगह से टिकटें ब्लैक किए जाने की भी पुलिस को शिकायतें मिल रही हैं।
माना जा रहा है कि बाहुबली की दीवानगी का असर शहर के रेस्त्रां एवं पब्स पर भी देखने को मिलेगा। यहां वीकेंड पर युवाओं की संख्या घट सकती है। होटलों के रूफटॉप्स पर स्थित रेस्त्रां में बड़ी स्क्रीन पर चलने वाले आईपीएल मैचों पर भी मूवी का असर देखने को मिल सकता है।