गैंगस्टर आनंदपाल के अंतिम संस्कार को लेकर आज 9वें दिन भी संशय बना हुआ है। उसका शव अब पैतृक आवास सांवराद में सामान्य परिस्थितियों में रखा हुआ है। ऐसे में अब उसके और ज्यादा खराब होने की आशंका बन गई है।
परिजन अभी भी आनंदपाल एनकाउंंटर की जांच सीबीआई से कराने की मांग पर अड़े हुए है वहीं उन्होनें कहा है कि जब तक आनंदपाल के भाई रुपेन्द्रपाल और मंजीत को क्रियाकर्म में शामिल नहीं किया जाता वो शव का दाह संस्कार नहीं करेंगे। ऐसे में शव के खराब होने की स्थितियां बन रही है।
आनंदपाल के गांव सांवराद में डी-फ्रीज जैसी सुविधा भी नहीं है और पुलिस के पहरे के कारण गांव में बर्फ भी नहीं लाई जा सकती है। उधर, दुबई से आनंदपाल की बड़ी बेटी चीनू अभी तक नहीं पहुंची है। वह आनंदपाल की फरारी मामले में वांटेड है।
ऐसे में उसके भारत लौटने पर भी अभी संशय बना हुआ है। हालांकि परिजन उसके आने के बात कह रहे है साथ ही वे उसकी गिरफ्तारी को लेकर भी आशंकित है।
जानकारी यह भी मिली है कि आज यदि आनंदपाल के परिजन नहीं माने तो पुलिस और प्रशासन ही शव का अंतिम संस्कार करवा सकती है। आपको बता दें कि आनंदपाल का एनकाउंटर पिछले शनिवार की रात हुआ था और उसके बाद दो बार उसका पोस्टमार्टम हो चुका है।