छोटी बस्ती में बिरधीबाई का घर आज खास हो गया। यहां कल रात से गहमागहमी थी, लेकिन आज दिन में घर हर किसी की नजर में था।
राजस्थान का राजभवन, सीएम हाउस और कई मंत्रियों के सरकारी आवास जिस विधानसभा इलाके में हैं, उसकी एक छोटी सी बस्ती सुशीलपुरा। आज एक दिन में यह बस्ती वीआईपी बस्ती बन गई। जयपुर की इस बस्ती को वीआईपी बस्ती बनाने का श्रेय जाता है यहां रहने वाली बिरधीबाई के बेटे रमेश को। रमेश बूथ नंबर 105 से भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता है।
इस कार्यकर्ता के घर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत भाजपा के कई पदाधिकारियों ने भोजन किया। सुबह से ही यहां काफी गहमागहमी थी। बारिश के बावजूद छतों पर लोग मेहमानों की झलक पाने के लिए जमे हुए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी बार—बार परिवार वालों से तैयारियों का जायजा लेते रहे।
ऐसा तो सपने में भी नहीं सोचा था
amit shah
बिरधी बाई ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि बड़े नेताजी और मुख्यमंत्री खाना खाने आएंगे, बहुत खुशी हुई। उन्होंने बताया कि, उसने जिंदगी में कभी भी सोचा नहीं था कि उसके घर पर कभी ऐसे मेहमान खाना खाने आएंगे।
वे रात से ही तैयारियों में जुट गई। उन्होंने सुबह से रसाई की तैयारी की। मेहमानों को बेजड़ की रोटी, दाल, भिंडी की सब्जी, गट्टे की सब्जी, चावल, हरी चटनी और बेजड़ की रोटी परोसी। थाली-कटोरी की जगह भोजन पत्तल-दोनो में परोसा गया। पानी मिट्टी के सकोरे में पिलाया गया। इन्होंने मेहमानों की आवभगत में कोई कसर नहीं छोड़ी। उधर, अतिथि भी इस सत्कार को पाकर गदगद हो गए।
स्वागत किया तो अमित शाह ने थाली में रखी ये भेंट
amit shah
बिरधीबाई के घर अमित शाह और अन्य मेहमान पहुंचे तो वहां परिवार के सदस्यों ने उनका स्वागत स्थानीय परम्पराओं के अनुसार किया। शाह के टीका लगाया और उनकी आरती उतारी गई। शाह और राजे को गुलाब का फूल दिया गया।
इसके बाद शाह ने भी स्वागत थाली में पांच-पांच सौ रुपए के दो नोट भेंट स्वरूप रखे। ये पैसे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने दिए। घर के एक कमरे में इन मेहमानों ने जमीन पर बैठकर भोजन किया। करीब आधा घंटे रुकने के बाद ये लोग वहां से भाजपा मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।