बनारस में दलित परिवार के यहां भोजन ग्रहण करते अमित शाह का फाइल फोटो
अपने तीन दिन के राजस्थान दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज जयपुर में प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक लेने के बाद राजधानी जयपुर में एक दलित परिवार के यहां दोपहर का भोजन करेंगे।
जानकारी के अनुसार शाह करीब 11 बजे से लेकर 12 बजे तक प्रस्तावित भाजपा विस्तारकों की बैठक लेने के बाद सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में स्थित सुशीलपुरा इलाके में रहने वाले रमेश के घर खाना खाएंगे। शाह के यहां दोपहर करीब 1 बजे पहुंचने का कार्यक्रम है।
आपको बता दें कि शाह के दलित परिवार के यहां भोजन करने के पीछे राजस्थान में भी भाजपा द्वारा दलितों के हित में कार्य करने का संदेश देना होगा। सूत्रों के अनुसार अमित शाह के साथ प्रदेश की मुखिया वसुंधरा राजे भी इस भोज में शामिल हो सकती हैं। गौरतलब है कि इससे पहले शाह ने पश्चिम बंगाल में स्थित नक्सलबाड़ी और उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में दलित परिवार के यहां भोजन किया था।