जोधपुर के भंवरी देवी हत्याकांड में गवाही देने के लिए अमेरिका की फेडरल ब्यूरो आॅफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) की डीएनए एक्सपर्ट अंबरडीकार बृहस्पतिवार को अदालत में पेश होने के लिए जोधपुर पहुंची गई। जानकारी के अनुसार दुनिया की सबसे बड़ी जांच एजेंसी एफबीआई की एक्सपर्ट भंवरी देवी हत्याकांड में भारतीय जांच एजेंसियों को मिली हड्डियों के नमूनो पर आधारित डीएनए रिपोर्ट को अदालत में पेश करेंगी।
जानकारी के अनुसार एफबीआई की डीएनए रिपोर्ट अदालत में पेश होने के बाद खुलासा होगा कि ये अवशेष भंवरी देवी के हैं या नहीं। अदालत में एक्सपर्ट कभी भी पेश हो सकती है। माना जा रहा है कि बृहस्पतिवार को सुनवाई के दौरान अंबरडीकार आरोपी महिपाल मदेरणा और मलखान के सिंह के वकीलों के सवालों के जवाब भी देंगी।
गौरतलब है कि छह साल पुराने भंवरी देवी हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने दावा किया था कि राजीव गांधी लिफ्ट नहर से जो जली हड्डियां बरामद हुई थी वह भंवरी देवी की हैं। लेकिन सीएफएसएल इन हड्डियों से डीएनए निकालने में नाकाम रही थी। इसलिए सैंपल अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई को भेजे गए थे।
एफबीआई की एक्सपर्ट अंबरडीकार कोर्ट को यह जानकारी देंगी कि सीबीआई द्वारा पेश की गई हड्डियां भंवरी देवी की थी कि नहीं। अंबरडीकार एफबीआई की डीएनए एक्सपर्ट और दुनियाभर में जिन केसों की जांच एफबीआई कर रही है, वहां एक्सपर्ट विटनेस के तौर पर मौजूद रहती है।
केस की मुख्य साजिशकर्ता इंद्रा बिश्नोई के गिरफ्त में आने के बाद भंवरी देवी हत्याकांड फिर से सुर्खियों में चल रहा है। हालांकि सीबीआई से जुड़े सूत्रों का कहना है कि केस अब आखिरी दौर में है। इसलिए इंद्रा की गिरफ्तारी केस पर ज्यादा असर नहीं डालेगी। वहीं अंबरडीकार की जानकारी के बाद केस में जल्द ही फैसला आ जाएगा।