प्रदेश के 16 आरएएस अधिकारियों को आईएएस में और 9 आरपीएस अधिकारियों को आईपीएस में प्रमोशन मिलना तय है।
सूत्रों के अनुसार बृहस्पतिवार को संघ लोक सेवा आयोग के सदस्य वी.मित्तल की अध्यक्षता में एक बोर्ड जयपुर में 16 आरएएस का जयपुर में ही साक्षातकार लेगा, जिसमें राजस्थान के मुख्य सचिव ओपी मीणा केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय, केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव और कार्मिक सचिव भास्कर.ए.सावंत मौजूद रहेंगे। जबकि आरपीएस से आईपीएस में प्रमोशन के लिए शुक्रवार को बोर्ड साक्षात्कार लेगा।
इसके साथ ही आरएएस से आईएएस की खाली पड़ी 17 सीटों और आरपीएस से आईपीएस के लिए खाली पड़ी 9 सीटों पर आरएएस और आरपीएस प्रमोट होंगे। आईएएस के पद के लिए खाली पड़ी 17 सीटों में से एक सीट कैरी फॉरवर्ड के रुप में रखी गई है जिसमें एक सीट एकल पट्टा मामले के आरोप में जेल में बंद आरएएस निष्काम दिवाकर के कारण खाली है। लगातार तीसरे साल उनकी सीट एक साल के लिए कैरी फॉरवर्ड की जाएगी। यदि दिवाकर एकल पट्टा मामले में दिसंबर 2017 से पहले बरी हो जाते हैं तो ही वे आईएएस बन पाएंगे।
ये आरएएस बनेंगे आईएएस
आरएएस छगनलाल श्रीमाली, प्रतिभा सिंह, रामचंद्र डेनवाल, राकेश कुमार जायसवाल, इंदर सिंह राव, गजेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, यज्ञ मित्र सिंह देव, सीआर मीणा, प्रकाश चंद पवन, सांवर मल वर्मा, महेश चंद शर्मा, निर्मला मीणा, श्यामलाल गुर्जर, पवन अरोड़ा और दीपक नंदी के आरएएस से आईएएस में प्रमोट होने की संभावना है।
ये 9 आरपीएस बनेंगे आईपीएस
राजस्थान पुलिस सेवा में कार्यरत 9 अफसरों का भारतीय पुलिस सेवा में प्रमोशन होने की संभावना है जिनमें से राजेंद्र कुमार, प्रहलाद सिंह कृष्णियां, शरद चौधरी, राजन दुष्यंत, शंकर दत्त शर्मा, राज कुमार गुप्ता, केशर सिंह शेखावत, राममूर्ति जोशी, आलोक श्रीवास्तव के आईपीएस में चयन हो सकता है। यदि एक-दो का एसीआर ठीक नहीं मिला तो शांतनु कुमार सिंह या देवेंद्र कुमार विश्नोई या अन्य पर विचार होगा।