डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा
केन्द्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री अर्जुन राज मेघवाल ने कहा कि बाबा साहेब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर ने हर वर्ग को शोषण एवं अन्याय से बचाने के लिए आवाज उठाई। वे अन्याय के विरुद्ध कभी थके नहीं, झुके नहीं।
केन्द्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री आज अजमेर के कायड़ में राजस्थान मेघवाल शिक्षा, शोध संस्थान एवं सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित बाबा साहेब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर प्रतिमा अनावरण एवं सामाजिक जागरूकता समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। समारोह की अध्यक्षता दानदाता नानूराम ने की। उन्होंने कहा कि नदियों को जोड़ने का काम पहली बार बाबा साहेब ने प्रस्तावित किया था उसे अब हम पूरा करने का प्रयास करेंगे। मेघवाल ने बताया कि अंग्रेजों के विरूद्ध आवाज उठाने वाले बाबा साहेब ही थे जिन्होंने अंग्रेजों की वित्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर सिस्टम को ठीक करने पर मजबूर किया था, उस कारण उनकी पीएचडी भी रोकी गई, लेकिन अंत में देनी पड़ी।
मेघवाल ने समारोह में बाबा साहेब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने इस मौके पर संस्थान की त्रिवार्षिक प्रतिवेदन एवं निर्देशिका तथा गोपाल राज द्वारा लिखित पुस्तिका दलितों के कानूनी अधिकार का विमोचन भी किया। उन्होंने इस मौके पर संस्थान को सांसद मद से पांच लाख रुपए देने की घोषणा भी की। इस मौके पर संसदीय सचिव सुरेश सिंह रावत, कैलाश वर्मा, सीकर की जिला प्रमुख अपर्णा रोलण, बद्रीलाल रोलण, डाॅ. अशोक मेघवाल सहित अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।