नशा जिंदगी पर कितना भारी पड़ सकता है इसकी बानगी एक बार फिर देखने को मिली। यहां शराब के नशे में युवक को उसके कच्चे घर टापरी में आग लगने का पता भी नहीं चला और वह जिंदा जल गया।
घटना कोटा के उद्योग नगर थाना इलाके की है। यहां एक टापरी में आग लग जाने से टापरी में मौजूद युवक जिंदा जल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को अस्पताल भी लेकर पहुंची, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक पप्पु थेगड़ा यहां टापरी में अकेला रहता था। सुबह के वक्त अचानक उसकी टापरी मे आग लग गई। बताया जा रहा है कि जब वह आग से घिरा तो अंदर से कुंदी बंद होने के कारण बाहर नहीं निकल सका। पुलिस के मुताबिक मृतक युवक शराब का आदी भी था। अब पुलिस जांच में जुटी है कि टापरी में आग कैसे लगी।