कोटा शहर के इंदौरी चौराहे पर एक शख्स अपने दोस्त के लिए नल पर पानी लेने क्या गया, रास्ते में ही उसकी मौत आ गई। यह व्यक्ति रास्ते में आवारा एक सांड का शिकार बन गया।
जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय सगीर अहमद की जैन धर्मशाला के पास ही इंदौरी चौराहे पर साइकिल की दुकान है। शुक्रवार को वह रोजाना की तरह अपनी दुकान पर आया। दुकान खोलने के बाद वह उसकी दुकान पर आए मोड़क के रहने वाले दोस्त मोहम्मद आबिद से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान सगीर ने दोस्त से कहा कि वह अभी पीने का पानी लेकर आ रहा है आप बैठो। जैसे ही सगीर पास के नल से पानी लेने के लिए गया तो रास्ते में सड़क पर दो आवारा सांड लड़ रहे थे। इनमें से एक सांड ने सगीर को सींग से मारकर घायल कर दिया। जिसके बाद तुरंत वहां मौजूद लोग उसे एमबीएस अस्पताल लेकर गए। यहां सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण सगीर अहमद को बचाया नहीं जा सका।
गौरतलब है कि सड़कों पर आए दिन आवारा पशुओं को घूमते हुए आसानी से देखा जा सकता है। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से इन पशुओं को पकड़ने के लिए कोई एक्शन नहीं लिया जाता। इसी का परिणाम है कि लोग इनका शिकार बन रहे हैं।