अजमेर जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में संदिग्ध रूप से झुलसे युवक के पिता ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे को ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर जलाया है। इस युवक का जेएलएन अस्पताल में इलाज चल रहा है।
भिनाय के पास कुम्हारिया गांव में रहने वाले दीनानाथ ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है कि उसका पुत्र देवानाथ गुलाबपुरा स्थित कूकरवाड़ा स्थित ससुराल में लंबे समय से रह रहा था। जब भी उनका बेटा वापस अपने गांव आने की बात कहता तो उसके ससुराल वाले रिश्ता तोड़ने की धमकी देते थे।
पांच दिन पहले उनके बेटे को उसके ससुराल वालों ने पेट्रोल छिड़ककर जला दिया जिसके बाद स्थानीय लोगों ने ही उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना के 5 दिन बाद जब पीड़ित देवानाथ के परिजनों को इस बात की जानकारी मिली तो वो उसे सोमवार को अजमेर के जेएलएन अस्पताल लेकर आए जहां उसका इलाज जारी है। दीनानाथ ने देवानाथ के ससुर श्रवण और उसके अन्य परिजनों के खिलाफ पुलिस को रिपोर्ट भी दी है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।