चित्तौड़गढ़ की मेवाड़ यूनिवर्सिटी में 19 अप्रेल को कश्मीरी युवकों के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद अब नई घटना प्रसिद्ध बिट्स पिलानी इंस्टीट्यूट से सामने आ रही है। पिछले करीब दो दिन से यहां से एक कश्मीरी युवक गायब है। कारण एक आपत्तिजनक मैसेज बताया जा रहा है।
कश्मीर में युवाओं के द्वारा सुरक्षा बलों पर हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं के वीडियो वायरल होने के बाद इसके नकारात्मक असर देश के अन्य हिस्सों में दिखाई देने लगे है। जानकारी के अनुसार कश्मीर के बांदीपुर का रहने वाला हाशिम सोफी फार्मेसी डिपार्टमेंट में प्रोजेक्ट के तहत इंस्टीट्यूट में आया हुआ था। इंस्टीट्यूट से मिली जानकारी के अनुसार सोफी 21—22 अप्रेल की रात्रि से ही कहीं चला गया है।
दरअसल सोफी ने अपने हॉस्टल रुम की दीवार पर अपने कपड़े सुखाए थे। तो किसी ने उसके कपड़ों पर उसके कश्मीर से सबंध रखने पर आपत्तिजनक बातें लिख दी थी। घटना के बाद से वह अपने क्वार्टर में नहीं है और ना ही उसने अपने प्रोजेक्ट इंचार्ज को अपने कहीं जाने की सूचना दी है।
इस मामले में इंस्टिट्यूट अपने स्तर पर जांच में जुट गया है। सोफी की जानकारी के लिए इस्टिट्यूट प्रशासन ने उसके दोस्तों से भी चर्चा की।