रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए नल लगे होते है। इन नलों में या तो पानी नहीं आता या फिर वह दूषित होता है। ऐसे में लोग स्टेशन पर पीने के पानी के लिए बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर होते है।
यात्रियों की इस समस्या को दूर करने का बीड़ा सेवाभावी लोगों ने उठाया है। जयपुर के गांधी नगर, दौसा के बांदीकुई और खैरथल रेल्वे स्टेशन समेत कई स्टेशन पर इनकी सेवा यात्रियों को तृप्त कर देती है। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंचती है ये सेवाभावी लोग यात्रियों को पानी पिलाने के लिए हाथ में जग लिए दौड़ पड़ते है। बर्फ का ठंडा पानी पीकर यात्री सकुन महसूस करते है। जयपुर के गांधी नगर रेलवे स्टेशन पर वर्ष 2012 से आठ-दस सेवाभावी लोग की टीम नियमित रुप से इस काम को कर रही है।