प्रदेश के बीकानेर जिले का जोरबीर शिकारी पक्षी गिद्ध के लिए एशिया का सबसे बड़ा संरक्षित क्षेत्र है। इस क्षेत्र से गुजरने वाले दिल्ली-बीकानेर रेलवे ट्रेक के आसपास 31 गिद्ध मृत मिले हैं। जानकारी के अनुसार यहां सात प्रजातीयों के गिद्ध पाए जाते हैं।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार इस ट्रेक पर एक गाय की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। ये गिद्ध इसी मृत गाय को खा रहे थे। इसी के बाद यहां निकली किसी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से बड़ी संख्या में गिद्ध मारे गए है। गौरतलब है कि सरकार ने जोरबीर को विशेष पक्षी क्षेत्र संरक्षित साइट प्रस्तावित किया हुआ है। लोगों ने बताया कि यह संरक्षित क्षेत्र जोरबीर करीब 25 किलोमीटर में फैला है।
यहां गिद्धों के अतिरिक्त अन्य जानवर भी रहते हैं। लेकिन रेलवे ट्रेक के आसपास जाल नहीं होने के कारण प्रतिवर्ष 100 से ज्यादा जानवरों की यहां मौत हो जाती है। इसके अतिरिक्त जोरबीर में यूरेशिया और मंगोलिया से आए प्रवासी गिद्ध पक्षी की भी अच्छी तादाद है।
जोरबीर पर केन्द्र सरकार प्रतिवर्ष करोड़ों रुपए व्यय करती हैं। लेकिन इसका असर यहां रहने वाले जानवर व पक्षियों के संरक्षण पर नहीं दिख रहा है।