गांव के खेत में गोबर के बटेवड़ों में युवक और युवती के विभत्स कर देने वाले शव मिलने से सनसनी फैल गई। ये घटना अलवर जिले के रामगढ़ की है जहां निकटवर्ती गांव चंडीगढ़ अहीर में गांव से करीब 100 मीटर की दूरी पर खेत में जले हुए शव मिले हैं। इस घटना को लेकर पुलिस ने आॅनर किलिंग की आशंका जताई है।
खेतों से उठता हुआ धुआं देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा गया कि जलावन के लिए गोबर से तैयार किए गए बटेवड़ों के ढेर में एक युवक और युवती का शव भी रखा था जिसके बाद ग्रामीणों ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना करना शुरु कर दिया जिसके बाद पहले तो एक युवक की अधजली लाश मिली और उसके बाद गोबर के ढेर में युवती का भी शव बरामद हुआ।
घटना आज सुबह करीब 3 से 4 बजे की बताई जा रही है जिसमें 70 वर्षीय बुजुर्ग ग्रामीण रणवीर सिंह ने सबसे पहले एक काले रंग की कार को देखा था। बुजुर्ग ने बताया कि वह सुबह जब शौच करने के लिए खड़ा हुआ तो उसने देखा कि एक काले रंग की गाड़ी बहुत तेजी से गांव की तरफ आती दिखाई दी। जिसके बाद वो आगे की तरफ खेतों में जाकर रुक गई।
थोड़ी देर के बाद ही बुजुर्ग को खेतों में से आग का धुआं उठता दिखाई दिया। बुजुर्ग ने इस बात की सूचना गांव के सरपंच को दी और मौके पर अन्य ग्रामीणों के साथ पहुंचे।