घटना रविवार सुबह 11 बजे की है। सेना का वाहन हर रोज की तरह रविवार की सुबह सैनिकों को लेकर सीमा की पोस्टों पर जा रहा था। इस बीच कच्ची सड़क पर पाकिस्तान की ओर से आईईडी लगाई गई थी। इस पर वाहन का अगला टायर चढ़ते ही विस्फोट हो गया, जिससे अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
वाहन में सेना के चार जवान सवार थे, जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो जवानों हवलदार संतोष तथा नायक जिमरा राम को एयरलिफ्ट कर सेना के कमान अस्पताल उधमपुर ले जाया गया।
कमान अस्पताल उधमपुर में तैनात डॉक्टरों ने हवलदार संतोष को मृत लाया घोषित कर दिया। जिमरा राम का इलाज चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जाती है। तीसरे जवान नायक कृष्ण प्रताप का इलाज सेना के अखनूर स्थित अस्पताल में चल रहा है।
इससे पहले 15 नवंबर को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर आतंकियों ने आईईडी प्लांट की थी। हाईवे पर पांपोर के पास आतंकियों ने प्रेशर कुकर में पांच किलो का आईईडी प्लांट कर रखा था। जिसे समय रहते बरामद कर लिया गया था।
पुराने श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर पांपोर के ईडीआई भवन के बाहर रोड ओपनिंग पार्टी (आरओपी) ने सड़क किनारे प्रेशर कुकर पड़ा देखा। इसके तुरंत बाद सुरक्षा बल हरकत में आ गए। बाद में की गई जांच में पाया गया कि आतंकियों ने प्रेशर कुकर में पांच किलो का आईईडी प्लांट कर रखा था।