सऊदी अरब में दो जुड़वां बेटों ने रमजान के पवित्र महीने में बुजुर्ग मां-बाप पर जान लेवा हमला कर लोगों को स्तब्ध कर दिया है। जुड़वां भाइयों के इस हमले में 67 वर्षीय मां की मौत हो गई जबकि 73 वर्षीय पिता मरणासन्न पर पहुंच गए हैं।
अरब न्यूज के अनुसार, रियाद के अल-हामरा जिले में खालिद और सलेह नाम के दो जुड़वां भाइयों ने शुक्रवार की रात अपने मां-बाप समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया जिसमें मां की मौत हो गई और कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपियों ने अपने 73 वर्षीय पिता अब्राहीम बिन अली को भी जान से मारने की कोशिश की लेकिन वह जीवित बच गए। वहीं आरोपियों का बड़ा भाई 22 वर्षीय सुलेमान भी इस हमले में बुरी तरह से घायल हो गया। सुलेमान रियाद की एक अस्पताल की आईसीयू में भर्ती है।