पाकिस्तान में दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक एक्ट्रेस की गोली मारकर हत्या कर दी गई क्योंकि उसने एक निजी समारोह में परफॉर्म करने से इनकार कर दिया था। घटना पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वां की है। यहां के 3 बंदूकधारियों ने पश्तो रंगमंच की एक्ट्रेस को गोली मार दी। एक्ट्रेस की मौके पर ही मौत हो गई।
पाकिस्तान के अखबार डॉन में छपी खबर के मुताबिक स्टेज की एक एक्ट्रेस के घर शनिवार की शाम 3 बंदूकधारी पहुंचे। उन्होंने अभिनेत्री से साथ चलकर स्टेज पर परफॉर्मेंस करने के लिए कहा। एक्ट्रेस ने इनकार किया तो बंदूकधारी जबरदस्ती करने लगे। धक्का-मुक्की के बाद बंदूकधारियों ने एक्ट्रेस को गोली मार दी और वहां से फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर परिवार दौड़ा तो बेटी को खून से लथपथ पाया। अस्पताल ले जाने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। महिला की दादा की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक बंदूकधारियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।