जायडस कैडिला की कोरोना वैक्सीन
- फोटो : social media
गुजरात की फार्मा कंपनी जायडस कैडिला कोरोना वैक्सीन की कीमत 265 रुपये प्रति खुराक कम करने पर राजी हो गई है लेकिन इस पर अंतिम फैसला आना बाकी है। सूत्रों ने रविवार को इसकी जानकारी दी। घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, कंपनी और सरकार के बीच बातचीत के बाद प्रत्येक खुराक की कीमत को घटाकर 358 रुपये करने का फैसला किया है, जिसमें 93 रुपये का एक डिस्पोजेबल जेट एप्लीकेटर का दाम भी शामिल है।'
तीन खुराक के लिए कीमत 1900 रुपये थी प्रस्तावित
दरअसल, सुई-मुक्त ZyCov-D वैक्सीन की डोज के लिए 93 रुपये का एक डिस्पोजेबल दर्द रहित जेट एप्लीकेटर की दरकार होती है। यानी की अब वैक्सीन की एक खुराक की कीमत 358 (265+93) रुपये होगी। बता दें कि इससे पहले कंपनी ने तीन खुराक के लिए 1900 रुपये की कीमत का प्रस्ताव दिया था।
वहीं, इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय नेशनल टेक्नीकल एडवायजरी ग्रुप आन इम्युनाइजेशन (NTAGI) की सिफारिशों का इंजतार कर रही है। यह ग्रुप इस टीके को राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल करने को लेकर विचार कर रहा है। यह इसलिए लाभकारी है, क्योंकि यह 12 से 18 साल के आयुवर्ग के बच्चों को भी लगाया जा सकेगा, जिनके लिए अभी कोई वैक्सीन नहीं है।
तीन खुराक इस तरह दी जाएगी
जॉयकोव डी की तीन खुराकें लगेंगी। पहली खुराक के 28 दिन बाद दूसरी खुराक दी जाएगी और 56 दिन बाद तीसरी। सूत्रों ने बताया कि कीमत को लेकर सरकार व कंपनी के बीच अब तक तीन दौर की चर्चा हो चुकी है। पिछली बार गुरुवार को चर्चा हुई थी।