देशभर में नवरात्र उत्सव के दौरान गरबा पांडालों में गैर हिंदुओं के प्रवेश को लेकर बवाल मचा हुआ है। यहां तक की विशेष समुदाय के युवकों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। गुजरात के अहमदाबाद में गरबा कार्यक्रम के दौरान एक युवक की बेरहमी के साथ पिटाई करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि डांस स्टेप न आने पर चार युवकों ने शख्स की जमकर मारपीट की। जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद के वस्त्राल के शिवम अपार्टमेंट में गरबा नाइट्स का आयोजन किया गया था। शिवम अपार्टमेंट निवासी राहुल बरोट भी सोसाइटी परिसर में आयोजित गरबा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, वह गरबा करने लगा। उसी दौरान सोसाइटी में रहने वाला मिहिर अपने कुछ साथियों के साथ उनके पास पहुंचा। इस दौरान मिहिर ने उनसे गरबा ठीक से न करने की बात कही। राहुल बरोट ने जवाब देते हुए कहा वह ज्यादा अच्छा गरबा नहीं कर पाता है। आरोप है कि डांस न आने पर मिहिर ने उन्हें इवेंट में नहीं आने की नसीहत दी।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बताया गया है कि मिहिर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर उनपर हमला कर दिया। राहुल बरोट के साथ जमकर मारपीट की गई। मारपीट होता देख सोसाइटी के अन्य लोग मौके पर आ गए और उनका बीच-बचाव कराया। साथ ही राहुल की हालत को गंभीर देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अकोला में भी ऐसा ही मामला
गुजरात, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में गरबा कार्यक्रम के दौरान मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। महाराष्ट्र के अकोला जिले में गरबा में लड़कियों की फोटो खींच रहे चार मुस्लिम युवकों की लोगों ने की पिटाई कर दी। चारों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। लड़के उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। अकोला के रीगल टॉकीज इलाके के राम नगर नवदुर्गा उत्सव मंडल में गरबा चल रहा था। पुलिस की जांच में पता चला कि उसके मोबाइल फोन में महिलाओं की 250 से ज्यादा तस्वीरें थीं।