गुजरात के अहमदाबाद में एक महिला ने अपने ससुरालवालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। महिला का कहना है कि उसके गहरे रंग और बड़े दातों की वजह से पिछले एक साल से ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। जिससे तंग आकर उसने पुलिस में इसकी शिकायत कर दी। केवल इतना ही नहीं ससुरालवाले उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि और उपयुक्त दहेज ना लाने की वजह से भी ताने सुनाते थे।
आणंद जिले की रहने वाली महिला की शादी पिछले साल अप्रैल में अहमदाबाद के एक युवक से हुई थी। शिकायत में महिला ने बताया है कि 'शुरुआत के 15 दिन तो ससुरालवालों का रवैया ठीक था, मगर फिर छोटी-छोटी बातों पर उन्होंने लड़ाई-झगड़ा करना शुरू कर दिया।' महिला का कहना है कि कई बार उसे खाना भी नहीं दिया जाता था और उपयुक्त दहेज ना लाने की वजह से उसे
प्रताड़ित किया जाता था।
महिला का कहना है कि 'मेरी सास अक्सर ताने मारा करती थीं कि मैं एक अमीर परिवार से नहीं हूं, मेरा
रंग गहरा है और बड़े-बड़े दांत हैं। इसके अलावा मेरे कपड़े पहनने के तरीकों पर भी ताने कसे जाते थे।' महिला की शिकायक के आधार पर पुलिस ने ससुरालवालों पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा 498 ए (दहेज उत्पीड़न), 294 बी (अपशब्द कहना) और 114 (उकसाना)के तहत केस दर्ज कर लिया है।