महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने ही दो बच्चों की जान ले ली। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी महिला की पहचान धुरपदा बाई गणपत निमलवाड़ (30) के रूप में हुई है। मामले में महिला, उसकी मां और भाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला भोकर तालुका के पांडुकना गांव की निवासी है। महिला ने पहले अपनी चार माह की बच्ची को मार डाला और अगले दिन अपने बेटे की भी हत्या कर दी। महिला ने 31 मई को अपनी बेटी की जान ली थी। अगले दिन भूख के मारे उसका बेटा रो रहा था, जिस पर उसने बेटे को भी गला दबा कर मार डाला।
इसके बाद महिला नो दोनों के शव खेत में जला दिए। पुलिस के अनुसार इस काम में उसकी मां कोंडाबाई राजमोद और भाई माधव राजमोद ने भी मदद की थी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आईपीसी (भारतीय दंड संहिता) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।