मुंबई-वाराणसी इंडिगो के विमान की छत्रपति संभाजीनगर में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। दरअसल, विमान में बीच हवा में एक महिला यात्री की तबीयत बिगड़ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ही आपात लैंडिंग का फैसला लिया गया। हालांकि, महिला की जान नहीं बचाई जा सकी।
इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में सवार 89 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इसके बाद विमान की महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मुंबई-वाराणसी फ्लाइट ने रविवार रात चिकलथाना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की थी।
मिर्जापुर की मूल निवासी सुशीला देवी की मौत
अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की मूल निवासी सुशीला देवी मुंबई से फ्लाइट में सवार हुई थीं। बीच हवा में ही उनकी तबीयत खराब होने लगी। मेडिकल इमरजेंसी के कारण फ्लाइट रात करीब 10 बजे चिकलथाना एयरपोर्ट पर उतरी। लैंडिंग के समय मेडिकल टीम ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
विमान वाराणसी के लिए अपनी आगे की यात्रा पर रवाना
अधिकारी ने बताया कि एमआईडीसी सिडको पुलिस स्टेशन ने जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं और विमान वाराणसी के लिए अपनी आगे की यात्रा पर रवाना हो गया। एयरलाइन के मुताबिक, महिला के शव को छत्रपति संभाजीनगर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।