यूं तो नारी शक्ति के आपने कई किस्से सुने होंगे और ऐसा ही कुछ अब हैदराबाद में भी देखने को मिला है। यहां मां-बेटी की दिलेरी की हर तरफ चर्चा हो रही है। मार्शल आर्ट में प्रशिक्षित मां और उसकी नाबालिग बेटी ने बेगमपेट में अपने घर पर लूट के इरादे से आए दो हथियारबंद बदमाशों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं।
क्या है पूरा मामला
पकड़े गए दोनों युवकों ने अपने नाकाम प्रयासों से पहले रेकी की और घर का चयन किया। अपनी योजना के अनुसार, आरोपी गुरुवार दोपहर लगभग 1 बजे कूरियर डिलीवरी एजेंट बनकर घर पर गए। हालांकि, घर की मालकिन अमिता महनोत घर पर थीं, लेकिन एक नौकरानी कूरियर लेने गयी थी। पुलिस के मुताबिक कि चेहरे को छिपाए दो आरोपी (एक ने हेलमेट से और दूसरे ने चेहरे पर नकाब से) डकैती करने के लिए जबरदस्ती घर में घुस गए।
जब बदमाश ने निकाला देसी कट्टा
बता दें कि एक आरोपी ने किचन में जाकर नौकरानी के गले पर चाकू रखकर उसे धमकाया। इस बीच, अमिता की किशोर बेटी ने दूसरे आरोपी को रोकने की कोशिश की, जिसके परिणामस्वरूप उनके बीच विवाद हो गया। इस बीच, 46 वर्षीय अमिता अपनी बेटी के साथ शामिल हो गईं और डकैती के प्रयास का विरोध किया। झगड़े के दौरान आरोपी ने अपने बैग से देसी कट्टा निकाला और मां और बेटी दोनों पर तानने की कोशिश की, लेकिन मार्शल आर्ट में प्रशिक्षित अमिता ने उसे लात मारी और उसके हाथ से हथियार छीन लिया।
अमिता ने आरोपी पर लात-घूंसे बरसाए, इस बीच आरोपी भाग गया। लेकिन, किचन के अंदर मौजूद उसके साथी को बाहर के हालातों की जानकारी नहीं थी।इलाके के निवासी घर से चीख-पुकार सुनकर वहां पहुंचे और दूसरे कथित लुटेरे को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। हालांकि, पुलिस ने बताया कि भागे हुए पहले लुटेरे को भी पकड़ लिया गया है।
डीसीपी ने की सराहना
पुलिस ने मां-बेटी की जोड़ी की सराहना की और कहा कि उन्होंने अनुकरणीय साहस का परिचय दिया। डीसीपी (उत्तरी क्षेत्र) रोहिणी प्रियदर्शिनी ने कहा, 'यह बताना प्रासंगिक होगा कि मां अमिता और उनकी बेटी दोनों की बहादुरी अनुकरणीय है।' डीसीपी ने मां-बेटी की बहादुरी के लिए उनकी सराहना की।