केरल में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। अब वहां पर सियासी राजनीति तेज हो गई है। इसी बीच एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को सबरीमाला में महिलाओं के प्रवेश का मुद्दा उठाया। उन्होंने केरल सरकार पर हमला किया। मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन को इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी।
एक बयान में, कांग्रेस नेता ने वायनाड टाउनशिप परियोजना से जुड़े विवाद को लेकर सुपरस्टार ममूटी से विजयन द्वारा हाल ही में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की बात कही। वेणुगोपाल ने सवाल किया कि जब एक प्रमुख अभिनेता को ठेस पहुंची तो मुख्यमंत्री ने माफी क्यों मांगी? वहीं मंदिर की परंपराओं और श्रद्धालुओं की भावनाओं को कथित तौर पर ठेस पहुंचाने के लिए माफी क्यों नहीं मांगी।
कांग्रेस नेता ने 2007 में तत्कालीन वीएस अच्युतानंदन सरकार और 2016 में पिनारयी विजयन सरकार द्वारा दायर हलफनामों का हवाला देते हुए कहा कि एलडीएफ ने महिलाओं के प्रवेश का समर्थन करने वाले अपने पूर्व रुख में कोई बदलाव नहीं किया है। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह अब लुका-छिपी का खेल खेल रही है, क्योंकि वह स्पष्ट रूप से अपना रुख बताए बिना यह सुझाव दे रही है कि सर्वोच्च न्यायालय को धार्मिक विद्वानों से परामर्श करने के बाद इस मामले का फैसला करना चाहिए।