केरल सरकार ने 8 दिसंबर को हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में जांन गंवाने वाले जूनियर वारंट ऑफिसर प्रदीप की पत्नी को नौकरी देने का आदेश जारी किया है। तमिलनाडु के कन्नूर में दिसंबर महीने में हुए इस हादसे में देश के सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 14 जवानों की मौत हो गई थी।
सैनिक कल्याण निदेशालय ने प्रदीप की पत्नी श्रीलक्ष्मी को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर क्लर्क की नौकरी देने का आदेश दिया है। यह पद त्रिशूर तालुका कार्यालय में होगा। सूत्रों के अनुसार कलेक्टर के आदेश मिलने के बाद वह अपना पद संभालेंगी।
केरल सरकार ने 15 दिसंबर को श्रीलक्ष्मी को नौकरी देने का फैसला किया था। सरकार ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष (CMDRF) से प्रदीप के बिमार पिता के इलाज के लिए 3 लाख रुपये देने का फैसला किया था। वहीं, सैनिक कल्याण फंड की ओर से उनके परिवार को कुल 5 लाख रुपये की मदद दी गई थी। त्रिशूर के रहने वाले प्रदीप साल 2004 में एयरफोर्स में भर्ती हुए थे। उन्होंने कई महत्वपूर्ण मिशन में भाग लिया था।