पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पर सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे के बयान का अजमेर दरगाह के दीवान ने स्वागत किया है। दरगाह के दीवान ज़ैनुल आबेदीन अली खान ने कहा कि जब सेना तैयार है, तो इंतजार क्यों? उन्होंने ट्वीट करके कहा संसद को सेना को पीओके को वापस लेने का आदेश देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत के लिए अब वह समय आ गया है कि पीओके को कश्मीर में जोड़ कर अखंड कश्मीर का सपना पूरा करें।
जनरल एम एम नरवणे ने शनिवार को कहा था कि अगर राजनीतिक अधिकार के आदेश मिलते हैं तो सेना पीओके पर नियंत्रण कर सकती है। एक सवाल के दौरान उन्होंने कहा जहां तक पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का सवाल है तो संपूर्ण जम्मू और कश्मीर भारत का हिस्सा है। सेना प्रमुख ने कहा अगर संसद चाहती है तो उस क्षेत्र (पीओके) भी भारत में होना चाहिए और अगर हमें इसके लिए आदेश मिलता है, तो हम इस पर कार्रवाई करेंगे।