प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द कश्मीर फाइल्स को लेकर दिए बयान पर विपक्ष हमलावर हो गया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर पीएम मोदी और उस समय के भाजपा सांसदों की भूमिका को लेकर जमकर हमला बोला है। सुरजेवाला ने पूछा कि पीएम मोदी बताएं कि जब 1990 में कश्मीरी पंडित आतंक और बर्बरता के साये में पलायन को मजबूर हुए, तब भाजपा के 85 सांसद, जिनके समर्थन से केंद्र की वी.पी.सिंह सरकार चल रही थी, क्या कर रहे थे? मुख्यमंत्री को हटाकर उनके बिठाए राज्यपाल ने सुरक्षा देने की बजाय पंडितों को पलायन के लिए क्यों उकसाया? रणदीप सुरजेवाला ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा कि क्या देश के पीएम, बापू के आदर्शों से लेकर कश्मीरी पंडितों के दर्द तक सब कुछ फिल्मों के जिम्मे छोड़ देना चाहते हैं? तथ्यों और सच्चाई से मुंह फेरे मोदी सरकार को आखिर कब अपनी जिम्मेदारियों का एहसास होगा? आखिर कब तक केवल झूठ, नफरत और बंटवारे में ही राजनीतिक अवसर तलाशते रहेंगे?
UPA सरकार में-
•10 साल में 4241 आतंकी मारे गए
•PM पैकेज में 3000 नौकरी
•5911 ट्रांजिट आवास बनाये
मोदी सरकार में-
• 8 साल में 1419 आतंकी मारे गए
• केवल 520 नौकरी मिली
•1000 ट्रांज़िट आवास बनाये
क्या सिर्फ घाव गहरा कर फायदा उठाएंगे?