पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर गुरुवार को हुए हमले के चंद घंटे बाद तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि उसे सूचना मिली है कि भगवा दल के कार्यकर्ताओं ने ही लोगों को अशांति पैदा करने के लिए भड़काया था। टीएमसी नेता सुब्रत मुखर्जी ने कहा कि क्या यह भाजपा का राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के ऐतिहासिक रिपोर्ट कार्ड से ध्यान हटाने का प्रयास था?
राज्य के पंचायत मंत्री मुखर्जी ने कहा, ‘जेपी नड्डा ने आरोप लगाया है कि उनपर हमला हुआ। लेकिन हमारे पास सूचना है कि लोगों को भड़काने की कार्रवाई उनकी तरफ से, उनकी खुद की पार्टी के लोगों की तरफ से ही की गई... यह पता लगाना जरूरी है कि क्या समूची घटना की साजिश भाजपा ने रची थी?’ उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे भड़काऊ कार्रवाई के बावजूद भाजपा के जाल में फंसने से बचें।
भाजपा के सूत्रों ने कहा कि आज सुबह नड्डा के काफिले पर हुए हमले में वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय सहित कई नेता घायल हो गए। पार्टी ने हमले का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगाया है। वहीं, पश्चिम बंगाल पुलिस ने ट्वीट किया कि स्थिति शांतिपूर्ण रही। पुलिस ने कहा, ‘हर कोई सुरक्षित है और स्थिति शांतिपूर्ण है। असल में क्या हुआ, यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।’