भाजपा ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था को लेकर ममता सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने टीएमसी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल अब बम, बुलेट और अन्याय की भूमि बनती जा रही है। भाजपा ने यह आरोप मंगलवार को उत्तर 24-परगना में एक गला कटा और चेहरा जला हुआ संदिग्ध महिला का शव मिलने के बाद लगाया है।
इस घटना पर मीडिया से बात करते हुए भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने बताया कि वह आश्चर्यचकित हो गई है। उन्होंने कहा, 'इस घटना ने यह दर्शाया है कि यहां महिलाओं के साथ अपराध दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, ममता बनर्जी जो मां, माटी, मानूश की बात करती है, वही राज्य अब ब, बुलेट और बेटियों के साथ अन्याय की भूमि बनता जा रहा है।' भाजपा नेता अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
अमित मालवीय ने सीएम ममता बनर्जी पर साधा निशाना
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए भाजपा सह-प्रभारी अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महिला के आंशिक रूप से जले हुए शव का वीडियो शेयर किया। उन्होंने इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, 'पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की यह स्थिति है, लेकिन ममता बनर्जी ने एक शब्द नहीं कहा।'
अमित मालवीय ने आगे कहा कि अगर टीएमसी आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है तो यह जानकर उन्हें हैरानी नहीं होगा। इस घटना के बाद मालविया ने इंडिया गठबंधन को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, 'मगरमच्छ के आसूं बहाने वाले राहुल गांधी क्या इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल में महिलाओं की रक्षा करने में असफल रहने के लिए ममता सरकार की आलोचना करेंगे? या इसमें भी इंडिया गठबंधन बीच में आएगी?'
उनके अलावा भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी पश्चिम बंगाल सरकार तृणमूल कांग्रेस पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने टीएमसी की मानसिकता और संस्कार को तालिबानी करार दिया।
टीएमसी का दावा नहीं दी विशेष ट्रेन, रेलवे ने कहा आवेदन ही नहीं मिला
तृणमूल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मनरेगा का पैसा रोकने के लिए केंद्र के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए पश्चिम बंगाल से मनरेगा जॉब कार्ड धारकों को नई दिल्ली ले जाने के लिए एक विशेष ट्रेन के उनके अनुरोध को रेलवे अधिकारियों ने अस्वीकार कर दिया। उधर रेलवे ने कहा कि उसे आईआरसीटीसी की ओर से आवेदन मिला, पार्टी की ओर से नहीं। पूर्वी रेलवे ने कहा कि ट्रेनों की अनुपलब्धता के कारण अनुरोध पूरा नहीं किया जा सका।