पश्चिम बंगाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता दौरे से पहले माहौल तनावपूर्ण है। दरअसल, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चबूतरे में तोड़फोड़ की गई है। इस घटना के बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर साजिश का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। बता दें अमित शाह सोमवार को डॉ. मुखर्जी की जयंती 125 फीट ऊंची प्रतिमा का शिलान्यास करेंगे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के सोमवार के कोलकाता दौरे से ठीक पहले पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। उत्तर कोलकाता के सुकिया स्ट्रीट स्थित राममोहन लाइब्रेरी के सामने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और गोपाल मुखर्जी (गोपाल पाठा) की प्रस्तावित प्रतिमाओं के लिए बनाए गए चबूतरे और शिलापट्ट में अज्ञात लोगों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने से राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।
भाजपा ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भाजपा के अनुसार, रविवार तड़के कुछ लोगों ने भारी औजारों से स्मारक स्थल के उस हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया, जहां शिलापट्ट लगाया गया था। स्थानीय कार्यकर्ताओं का दावा है कि शनिवार देर रात तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया था, लेकिन आधी रात के बाद चबूतरे और नामपट्ट को नुकसान पहुंचाया गया।
विज्ञापन
भाजपा ने दर्ज कराई शिकायत, पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही
इस घटना के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा ने अमहर्स्ट स्ट्रीट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और यातायात निगरानी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक किसी राजनीतिक दल की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
125 फीट ऊंची प्रतिमा का शिलान्यास करेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर कोलकाता में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वह न्यू टाउन स्थित इको पार्क में डॉ. मुखर्जी की प्रस्तावित 125 फीट ऊंची प्रतिमा के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा भवानीपुर स्थित उनके पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगण में आयोजित जयंती समारोह को संबोधित करेंगे।